हल्द्वानी: नैनीताल जिले के Haldwani में एक बार फिर तेज रफ्तार ने एक निर्दोष की जान ले ली। टीपी नगर चौराहे के पास एक तेज रफ्तार थार कार ने सड़क किनारे खड़े एक बुजुर्ग को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई। यह पूरी घटना CCTV कैमरे में कैद हो गई है, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
मृतक की पहचान जीवन पंत (55 वर्ष), निवासी सत्यलोक कॉलोनी, डहरिया के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वे अपने रोजमर्रा के काम से डहरिया रोड पर निकले थे और टीपी नगर चौराहे के पास सड़क किनारे खड़े थे। तभी उत्तर प्रदेश नंबर की थार गाड़ी तेज रफ्तार से आई और उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि जीवन पंत सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत उन्हें सुशीला तिवारी अस्पताल (STH) पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार, थार चलाने वाला युवक एक पर्यटक था, जो हल्द्वानी से नैनीताल की ओर जा रहा था। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया, हालांकि पुलिस ने वाहन को कब्जे में ले लिया है।
कोतवाली पुलिस ने बताया कि CCTV फुटेज में पूरी घटना साफ दिखाई दे रही है और फुटेज के आधार पर चालक की पहचान की जा रही है।
वहीं, मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने प्रशासन से मांग की है कि आरोपी चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में ऐसे हादसे दोबारा न हों।
स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन से टीपी नगर चौराहे पर स्पीड ब्रेकर और ट्रैफिक पुलिस की स्थायी तैनाती की मांग की है। लोगों का कहना है कि यह इलाका शहर का सबसे व्यस्त चौराहा है, जहां सुबह-शाम सैकड़ों लोग गुजरते हैं, लेकिन ट्रैफिक व्यवस्था बिल्कुल लचर है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और वाहन चालक के खिलाफ लापरवाही से मौत (IPC 304A) का मामला दर्ज किया है।
हादसे के बाद पूरे इलाके में मातम और आक्रोश का माहौल है।
Also Read :-
वार्ड-1, Fullsunga Road की बदहाली: गड्ढे, अंधेरा और गंदगी बनी लोगों की ‘स्थायी समस्या’




